पूनम, प्राथम और दीपक ने जीते गोल्ड मेडल
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। नगर में आयोजित दो दिवसीय तीसरा ऑल इंडिया ओपन कराते चैंपियनशिप-2018 का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में कई प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल अपने नाम किए। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईटीबीपी सेनानी प्रशिक्षण बेनुधर नायक व प्रभारी निरीक्षक भावना कैंथोला ने विजेता और उप विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया।
रविवार को दो दिवसीय तीसरे ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप-2018 के समापन पर काता जूनियर बालिका वर्ग में पूनम थापा ने गोल्ड, काजल ने सिल्वर और श्रैर्या सैनी ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर 50 किलो जूनियर बालक वर्ग में प्राथम को गोल्ड, रामादीप को रजत और यशवंत को कांस्य पदक मिला। अंडर 61 किलोग्राम में सीनियर बालिका वर्ग में पूनम को गोल्ड, मुस्कान को सिल्वर और अंजलि को कांस्य पद मिला। वहीं अंडर 61 किलोग्राम सीनियर बालक वर्ग में दीपक (आईटीबीपी) को गोल्ड, ताना (आईटीबीपी) को सिल्वर और यश (मध्यप्रदेश) को कांस्य पदक मिला।
इस मौके पर सेनानी प्रशिक्षण आईटीबीपी बेनुधर नायक ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मार्शल आर्ट को कराते भी कहा जाता है, यह आत्मरक्षा के लिए बहुत उपयोगी होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए खासकर इसको सीखना जरूरी है। मुसीबत के समय इस कला का प्रयोग कर सकती हैं। आयोजक हेमराज शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में नई प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिला। दो दिवसीय तीसरी ऑल इंडिया ओपन कराते चैंपियनशिप-2018 प्रतियोगिता में 11 राज्यों के करीब 357 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर शहर कोतवाल भावना कैंथोला, आशीष, रमेश जिंदल, रजत कपूर आदि मौजूद रहे।