ब्यूरो/अमर उजाला, बहादराबाद
किसानों की विभिन्न मांगों के निस्तारण के लिए हरिद्वार से दिल्ली तक निकाली जा रही भारतीय किसान यूनियन की किसान क्रांति यात्रा के कदम एक दिन बाद ही बारिश के चलते ठिठक गए। रविवार को यात्रा का पहला पड़ाव पतंजलि योगपीठ के फेज दो में हुआ था। भारी बारिश और योगगुरु स्वामी रामदेव के आग्रह के चलते यात्रा सोमवार को आगे नहीं बढ़ी। बाबा ने किसानों को प्रात:कालीन सत्र में कपालभाति और अनुलोम विलोम सहित योग के कई गुर सिखाए।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के नेतृत्व में रविवार को किसान क्रांति यात्रा ने दिल्ली के लिए कूच किया था। पतंजलि में ठहरी यात्रा को आज अगले पड़ाव के लिए निकलना था, लेकिन सोमवार सुबह से हो रही बारिश को देखते हुए किसान नेता बारिश रुकने का इंतजार करते रहे, लेकिन बारिश नहीं रुकी। इस पर योग गुरु बाबा रामदेव ने किसान नेताओं से सोमवार को यहीं विश्राम करने का आग्रह किया, जिस पर किसानों ने आज का कार्यक्रम निरस्त करते हुए पतंजलि में रुके रहे। तड़के पतंजलि के सभागार में योग गुरु रामदेव ने किसान नेताओं को योग कराया। पतंजलि की ओर किसानों के हित में चलाए गए प्रकलपों के बारे में उन्होंने चौधरी नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत आदि किसान नेताओं को बताया। दिनभर किसानों से पतंजलि में ही डेरा जमाए रखा और पतंजलि के विभिन्न प्रकल्पों को देखा। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि अब मंगलवार की सुबह देश के विभिन्न राज्यों से आए किसान अगले पड़ाव के लिए कूच करेंगे। उन्होने बताया कि अगला पड़ाव गुड़ मंडी मंगलौर में होगा।