आयुष्मान भारत योजना में उत्तराखंड ने लहराया परचम
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
केंद्र की महत्वाकांक्षी योजना में शामिल ‘आयुष्मान भारत’ में उत्तराखंड ने रिकार्ड बनाया है। उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य है जिसके लाभार्थी का नाम ‘गोल्डन रिकॉर्ड’ में दर्ज किया गया है। इस उपलब्धि को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर रुद्रप्रयाग की तारा देवी का नाम गोल्डन रिकॉर्ड में दर्ज होने के बाद रविवार को स्वास्थ्य निदेशालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
बता दें, केंद्र सरकार की ओर से कराए गए सामाजिक आर्थिक सर्वे के आधार पर राज्य के 538000 परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभान्वित करने का लक्ष्य है। ऐसे परिवारों की तमाम जानकारियां आयुष्मान भारत योजना की वेबसाइट पर अपलोड करने और मॉनीटरिंग का काम केंद्र के स्तर से हो रहा है। योजना का शुभारंभ 15 अगस्त को कर दिया गया था। इस कड़ी में उत्तराखंड पहला ऐसा राज्य बना जिसके एक परिवार को देश में सबसे पहले ‘गोल्डन रिकॉर्ड’ के तौर पर दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के राज्य परियोजना निदेशक व अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि योजना के तहत बनाए गए ‘ऑल इंडिया सिस्टम’ में देश के तमाम राज्यों की ओर से भेजे गए रिकॉर्ड सत्यापित किए जा रहे हैं, रुद्रप्रयाग की तारा देवी ऐसी पहली महिला हैं जिनके सभी रिकार्ड सही मिले हैं। इसी के तहत तारा देवी का नाम गोल्डन रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इस योजना को लागू कराने के लिए उत्तराखंड में ट्रस्ट का गठन किया गया है। जिसमें सीईओ समेत कई निदेशकों समेत 200 अधिकारियों, कर्मचारियों की तैनाती की गई है।