ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
पेयजल निगम में पदोन्नति और कर्मियों की भर्ती करने संबंधी मांगें पूरी न होने पर कर्मचारियों ने 20 मार्च से प्रदेशभर में बेमियादी हड़ताल की चेतावनी दी है। कर्मियों का आरोप है कि प्रबंधन से कई बार पत्राचार और मुलाकात के बाद भी उनको मांगों को पूरा नहीं किया गया।
सोमवार को उत्तराखंड पेयजल निगम कर्मचारी महासंघ की एक बैठक परेड ग्राउंड स्थित संघ भवन में हुई। प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण रावत ने कहा कि दिसंबर 2017 में प्रबंधन ने प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति की थी, लेकिन सरकार के दबाव में इस पदोन्नति के आदेश अब तक जारी नहीं किए हैं। साथ ही प्रबंधन ने संगणक से सहायक अभियंता के पद पर पिछले साल अक्टूबर में तीन कर्मचारियों की पदोन्नति की, लेकिन इनमें से मात्र एक ही कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई। जबकि बाकी के दो कर्मचारी पदोन्नत हुए कर्मचारियों से वरिष्ठ है। वहीं, 1983 से पेयजल निगम में प्रबंधन ने लिपिक वर्गीय कोई भर्ती नहीं की है। पूर्व में जो लिपिक कार्यरत थे वर्तमान में वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में पेज प्रबंधन ने लिपि के काम को काम चलाऊ व्यवस्था पर चलाया हुआ है। कहा कि संगठन प्रबंधन से कई बार वार्ता कर चुका है। लेकिन अभी तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है। कहा कि 19 मार्च तक मांगों पर अमल न होने पर महासंघ 20 मार्च से प्रदेशभर में बेमियादी हड़ताल शुरू करेगा।