हिमाचल के लिए
20 पेटी अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
कालसी (देहरादून)। थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान बोलेरो से हिमाचल ब्रांड की 20 पेटी अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया है। दोनों हिमाचल के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंगलवार की सुबह सवा दस बजे थानाध्यक्ष कालसी ऋतुराज की अगुवाई में पुलिस कर्मी कोटी रोड पर स्थित लाल ढांग बैरियर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें बोलेरो आती दिखाई दी। पुलिस से वाहन को रोक कर तलाशी ली जिसमें शराब की पेटियां लदी थीं। वाहन में सवार दोनों लोग शराब के परिवहन से संबंधित कागज नहीं दिखा सके जिस पर दोनों को हिरासत में ले लिया गया। इनकी पहचान ललित सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम भैला तहसील नगेथा जिला सिरमौर और कमलजीत सिंह पुत्र सीताराम निवासी ग्राम धर्मकोट तहसील पांवटा साहिब जिला सिरमौर के रूप में हुई।
पुलिस दोनों का आपराधिक रिकार्ड पता कर रही है। एसएसपी ने पुलिस टीम के लिए ढाई हजार के ईनाम की घोषणा की है। टीम में एसआई मनोज कुमार चौधरी, सिपाही अब्बल सिंह, संजय लेखवार, पवन बिष्ट, गौरव रावत शामिल रहे।