दमयंती रावत को लेकर शिक्षा और खेल मंत्री अरविंद पांडे व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत आमने सामने आ गए हैं।
बता दें कि बिना विभागीय अनुमति के दमयंती रावत को कर्मकार बोर्ड का अपर सीईओ बनाया गया है। उधर, अभी तक शिक्षा विभाग ने दमयंती को एनओसी नहीं दी है। अब शिक्षा मंत्री ने इस पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि दमयंती के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ी तो बर्खास्त करने पर भी निर्णय होगा।
वहीं सचिव विद्यालयी शिक्षा भूपिंदर कौर औलख को कहा हैं कि मामले की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट दें। बता दें कि पिछली सरकार में हरक सिंह रावत और तत्कालीन शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के बीच भी दमयंती रावत को लेकर विवाद हुआ था।
हालांकि तब शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी को बैकफुट पर आना पड़ा था और हरक सिंह रावत दमयंती रावत को मनचाही पोस्टिंग दिलाने में कामयाब रहे थे। दमयंती रावत कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की नजदीकी मानी जाती हैं।