वैदिकनगर में महिला की संदिग्ध हालात में मौत
-- पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश-रायवाला। वैदिकनगर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई के शक जताने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, अभी मामले में मायका पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक वैदिकनगर निवासी 25 वर्षीय महिला की तबियत बीते शनिवार की रात अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उसे ऋषिकेश में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई।
रविवार सुबह ससुराल वालों ने इसकी जानकारी मृतका के परिवार को दी। वैदिक नगर पहुंचे मृतका के भाई ने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से शिकायत कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसआई रायचंद पुरसोड़ा ने बताया कि ग्राम मरोड़ा पिरोल पौड़ी निवासी महिला पूजा की शादी करीब एक वर्ष पूर्व वैदिक नगर में हुई थी। बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु की वजह का पता चल पाएगा। अभी मायके पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।