नई टिहरी। प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान को जिला पंचायत पलीता लगाने का काम कर रहा है। इसकी बानगी ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर व्यासी में देखने को मिल रही है। सफाई कर्मियों के अभाव में व्यासी में हाईवे किनारे जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। जैविक-अजैविक कूड़ेदान लगाने के बाद जिला पंचायत उनकी साफ-सफाई करना भूल गया है। शौचालय बंद पड़े हुए हैं, जिसका खामियाजा स्थानीय व्यापारियों और यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर व्यासी चारधाम यात्रा का मुख्य पड़ाव है। भोजन के लिए अधिकांश यात्री वाहन व्यासी में रोकते हैं, लेकिन जगह-जगह गंदगी पसरी होने से लोगों का यहां रुकना मुश्किल हो गया। बीते अप्रैल में जिला पंचायत ने व्यासी में दो अलग-अलग स्थानों पर जैविक-अजैविक कूड़ेदान लगाए थे। तब से चार माह बीत चुके हैं, लेेकिन एक बार भी कूड़ेदानों की सफाई नहीं हुई।
जिला पंचायत सदस्य शाखा देवी, सब्बल सिंह राणा, व्यापारी शिवम जोशी, प्रेम सिंह चौहान, प्रेम सिंह चौहान व जगत सिंह चौहान स्वच्छता के मामले में जिला पंचायत मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के हाथों पुरस्कार लेकर वाहवाही लूट रहे हैं। क्षेत्र के 30 व्यापारियों की ओर से जिला पंचायत को स्वच्छता के लिए प्रति वर्ष दो सौ टैक्स दिया जाता है।
कोट
व्यासी के लिए सफाई कर्मी नहीं मिल पा रहे थे। ऋषिकेश से दो सफाई कर्मियों को वहां भेजने की व्यवस्था की गई है। दो-तीन दिन में सफाई कर्मी व्यासी पहुंच जाएंगे।
-मनवर सिंह राणा, अपर मुख्य कार्याधिकारी, जिला पंचायत टिहरी