स्मार्ट राशन कार्ड जारी होने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की बात है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को दूसरे चरण में 70 हजार स्मार्ट राशन कार्ड मिल गए हैं। अब विभाग इन्हें शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के कार्डधारकों को जारी करेगा।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी जसवंत सिंह कंडारी ने बताया कि विभाग को पहले चरण में 80 हजार व दूसरे चरण में अब 70 हजार नए प्रिंटेड राशन कार्ड मिल चुके हैं। पहले चरण के राशन कार्ड शहरी इलाकों की दुकानों में जारी किए जा रहे हैं। अब अतिरिक्त कार्ड होने के बाद कार्ड जारी करने में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने नए कार्डों की धीमी प्रिंटिंग गति पर भी नाराजगी जताई है।
-----
नए कार्ड लेने में आनाकानी कर रहे विक्रेता
कई राशन विक्रेता नए स्मार्ट राशन कार्ड लेने में आनाकानी कर रहे हैं। उत्तराखंड उचित दर राशन विक्रेता एसोसिएशन के जिला महासचिव हेमंत अग्रवाल ने कहा कि कई विक्रेताओं को विभाग चरणवार नए कार्ड दे रहा है। इससे नए व पुराने राशन कार्डों में अलग-अलग तरीके से राशन वितरण करने में दिक्कतें आ रही हैं। इसलिए कई विक्रेताओं ने एक साथ सभी नए कार्ड सौंपने की मांग रखी है।