केदारनाथ में एमआई-26 हेलीपैड पर जमा करीब सात फीट बर्फ हटाने का काम जोरों पर है। स्नो ब्लोवर और ट्रैक्टर की मदद से बर्फ को साफ किया जा रहा है।
15 दिसंबर से 18 फरवरी के बीच हुई बर्फबारी से केदारनाथ में हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर तक छह से सात फीट बर्फ जमा है। निम ने बर्फ को काटकर हेलीपैड से मंदिर और बेस कैंप तक जाने का रास्ता तैयार किया है।
चार दिन से एमआई-26 हेलीपैड की सफाई का काम चल रहा है। स्नो ब्लोवर के साथ धाम में निम के मजदूर भी बर्फ साफ करने में जुटे हैं। निम के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि हेलीपैड पर जमा बर्फ बुधवार तक साफ कर दी जाएगी।
मंगलवार को मंदाकिनी नदी की सफाई का कार्य भी जारी रहा। जेसीबी की मदद से बोल्डर हटाए जा रहे हैं। मंगलवार को निम के प्राचार्य कर्नल अजय कोठियाल बेस कैंप गुप्तकाशी से केदारनाथ पहुंचे। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
दूसरी ओर, केदारनाथ में अतिरिक्त 75 कॉटेज निर्माण के लिए मंगलवार को जीएमवीएन के चार सदस्यीय मैकेनिक दल ने जायजा लिया। 50 कॉटेज धाम में और 25 कॉटेज लिनचौली में बनेंगे।