उत्तराखंड के गैरसैंण स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लगातार बीमार होने की खबर से प्रशासन में हड़कंप मच गया।
स्कूल में 63 बच्चे बीमार हैं जिनमें से चार सीएचसी में भर्ती हैं।
दस दिनों के लिए स्कूल बंद
स्थिति को देखते हुए डीएम चमोली एसए मुरूगेशन ने विद्यालय दस दिन के लिए बंद करने के निर्देश दे दिए हैं। घबराए अभिभावक अपने बच्चों को घर लेकर जा रहे हैं।
बुधवार को ब्लॉक प्रमुख सुमति बिष्ट ने विद्यालय पहुंचकर बीमार बच्चों का हालचाल पूछते हुए वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
109 छात्रों में सिर्फ छह शौचालय
प्रधानाचार्य जीडी पांडे ने बताया कि विद्यालय के लिए पेयजल कनेक्शन की बेहद जरूरत है। जलसंस्थान और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से इस संबंध में कहा गया है।
अब स्थिति यह है कि विद्यालय में पढ़ रहे 109 छात्र-छात्राओं के लिए सिर्फ छह शौचालय हैं। विद्यालय स्टाफ ने बताया कि वे उपलब्ध संसाधनों में पूरी व्यवस्था का प्रयास करते आ रहे हैं।