नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन बढ़ा देते हैं समस्या
शहर में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन समस्या को और बढ़ा देते हैं। मास्टर प्लान के अनुसार दून में कब्जा मुक्त और स्वच्छ फुटपाथ बनाकर यातायात को सुचारू बनाया जा सकता है। वहीं, थिंक टैंक गति फाउंडेशन की ओर से ‘देहरादून कितना चलने योग्य है’ सर्वे किया गया। इसमें भी लगभग 60 प्रतिशत लोगों ने पैदल चलने वालों के लिए बुनियादी ढांचे को खराब या बहुत खराब बताया। इसका हवाला भी पैदल पथ बनाने को लेकर दिया गया है।
सड़क के साथ फुटपाथ भी बहुत जरूरी
मास्टर प्लान में बताया गया कि आदर्श शहर तभी बना सकते हैं, जब प्रत्येक व्यक्ति के लिए मार्ग उपलब्ध हो। पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ भी उसी तरह आवश्यक है, जैसे वाहनों के लिए सड़क। खासकर जंक्शनों (खतरनाक चौराहों-तिराहों) और प्रमुख गतिविधि बिंदुओं (स्कूल, कॉलेज आदि) के पास पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ मास्टर प्लान का प्रमुख हिस्सा है। डीएवी और डीबीएस कॉलेज के आसपास के क्षेत्र, सर्वे चौक के आसपास दोनों तरफ 1.2 मीटर फुटपाथ होना जरूरी है।
सड़कों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण चल रहा है। इसमें फुटपाथ निर्माण को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। फुटपाथ को कब्जा मुक्त कराने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है। प्रत्येक पदयात्री को फुटपाथ मिले, इसके लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है।
- सोनिका, डीएम, देहरादून