ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला। रायवाला के प्रतीत नगर बनखंडी महादेव मंदिर में पौराणिक देवभूमि सोसायटी के सौजन्य से होली मिलन कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड ज्योतिष रत्न डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने किया। उन्होंने कहा कि होली प्रेम श्रद्धा एवं विश्वास का त्यौहार है। इस त्यौहार पर लोगों को अपने वैचारिक मतभेदों को भुला देने चाहिए। उन्होंने कहा कि होलिका दहन का तात्पर्य अपने मानस पटल में काम क्रोध, लोभ, मोह, मद, ईर्ष्या के भावों का त्याग करना चाहिए।
संस्था के अध्यक्ष आचार्य सुमन धस्माना ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए जनता से आपसी मतभेदों को भुलाकर प्रेम एवं विश्वास के त्यौहार होली को मनाने की अपील की। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन गंगा प्रसाद उनियाल, भूतपूर्व सैनिक संगठनके अध्यक्ष शंकर दयाल, वनखंडी मंदिर समिति के अध्यक्ष दीवान सिंह चौहान, महिला मंगल दल अध्यक्ष राजमती पंवार, कीर्तन मंडली अध्यक्ष दीपक चमोली, क्षेत्र पंचायत सदस्य ममता भंडारी, राजेंद्र तिवारी, मीरा बिष्ट, सुषमा चमोली, ग्राम प्रधान शोभा रावत भी मौजूद रहे।