ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
उत्तराखंड फिल्म एसोसिएशन की ओर से कुमाऊंनी गीतों के लोकगायक स्वर्गीय पप्पू कार्की को मरणोपरांत लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में पप्पू कार्की की मां कमला कार्की सम्मान ग्रहण करेंगी। इस मौके पर प्रदेश की संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाने वाले गायकों और कलाकारों को एसोसिएशन की ओर से यूफा अवार्ड से नवाजा जाएगा।
एसोसिएशन की ओर से शनिवार को कौलागढ़ स्थित ओएनजीसी कम्यूनिटी सेंटर मेें 9वें यूफा अवार्ड का आयोजन किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष एसपीएस नेगी ने शुक्रवार को हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि समारोह में प्रदेश भर के दस कलाकारों, गायकों, निर्माता और निर्देशकों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर गोविंद राणा, राजेंद्र सिंह रावत, मणि भारती, हेमंत बुटोला, मदन मोहन डुकलान, सोनिया आनंद, अब्बू रावत आदि मौजूद रहे।
----
इन्हें मिलेगा यूफा अवार्ड
अवार्ड समारोह में प्रदेश की संस्कृति को देश-विदेश में पहुंचाने में अहम योगदान देने वाले अतर शाह, अनिरुद्ध गुप्ता, प्रशांत गगोड़िया, संकल्प खेतवाल, आरूषि निशंक, तृप्ति डिमरी, सुमन नेगी, कुसुम नेगी और पम्मी नवल को यूफा अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।