नारसन। एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली मृतक का बेटा ही चला रहा था। जब हादसा हुआ तब वह ट्रैक्टर खड़ा कर पिता का इंतजार कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुरकाजी के गांव हथियातल निवासी अनिल किसी काम से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर नारसन की ओर जा रहे थे। किसी वजह से वह नारसन के पास सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर अपने पिता का इंतजार करने लगे। इसी बीच पुरकाजी की ओर से उनके पिता प्रीतम (53) बाइक लेकर आ रहे थे। जैसे ही उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास आकर बाइक रोकने का प्रयास किया तो बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद वह बेहोश होकर बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। आननफानन में अनिल अपने घायल पिता को नारसन सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं, नारसन चौकी प्रभारी संपूर्णानंद ने बताया परिजनों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस ने शव उनके सुपुर्द कर दिया है।