ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
ग्राफिक एरा पर्वतीय विश्वविद्यालय में बीटेक का नया सत्र शुरू हो गया। स्कूली माहौल से निकलकर पहली बार विश्वविद्यालय पहुंचे छात्रों के बीटेक सत्र का आगाज शैक्षिक और मनोरंजक कार्यक्रमों के साथ हुआ। दो सप्ताह चलने वाले इस इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान नए छात्रों के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कुलपति प्रो. संजय जसोला ने कहा कि स्कूल की चारदीवारी से बाहर विवि में पहला कदम हर छात्र के लिए यादगार लम्हा होता है। पर्वतीय विवि में प्रवेश लेना सुनहरे भविष्य की तरफ उठाया गया पहला कदम है। उन्होंने छात्रों को बताया कि विवि को मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने आठवें सबसे स्वच्छ परिसर का दर्जा दिया है। साथ ही नोटबंदी के बाद डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरुकता बढ़ाने में भी विवि को दूसरा स्थान मिला है। रद्दी कागज से विश्व की सबसे बड़ी मूर्तियां बनाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने वाले विवि के छात्र युवराज और यथार्थ जोशी ने भी नए छात्रों के बीच अपने अनुभव साझा किए। दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। बीबीए की छात्रा अभिलाषा मेर, डांस ग्रुप इनक्रेडिबल्स, थिएटर ग्रुप आइना और एनसीसी कैडेट्स ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरी। हेमंत ग्रुप और उबादुर रहमान के गीतों ने छात्रों गुनगुनाने पर मजबूर कर दिया।