कुलपति ने कुलसचिव के कार्यालय में जड़ा ताला, फिर खोला
देहरादून/अमर उजाला ब्यूरो
दून विश्वविद्यालय में कुलपति और कुलसचिव के बीच रार थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को जैसे ही विवि खुला तो कार्यवाहक कुलपति प्रो. कुसुम अरुणाचलम ने कुलसचिव के कार्यालय में ताला जड़ दिया। इसके कुछ घंटे बाद जब तक कुलसचिव विवि पहुंचते, तब तक ताला खोल दिया। सूत्रों के मुताबिक, बाद में कुलपति ने कुलसचिव को बुलाकर कहा कि नियम के हिसाब से वह उन्हें इस पद पर नहीं मानती हैं।
दून विवि में सोमवार को कुलसचिव सुधीर बुड़ाकोटि, शासन में ऑडिट रिपोर्ट के घपले पर जारी किए आदेश की रिपोर्ट सौंपने गए थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच कार्यवाहक कुलपति प्रो. कुसुम अरुणाचलम ने उनके कार्यालय पर ताला लगा दिया। यह देख स्टॉफ के लोग दंग रह गए। किसी ने कुलसचिव बुड़ाकोटि को भी इसकी सूचना दी। दोपहर करीब 12:30 बजे जब तक कुलसचिव अपने कार्यालय पहुंचे, तब तक ताला खोल दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक बाद में कुलपति ने कुलसचिव को नियम के हिसाब से गलत करार दिया। कुलसचिव ने लिखित में पत्र मांगा तो कुलपति ने कोई जवाब नहीं दिया। दिनभर विवि में दोनों के बीच की रार को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। कुलसचिव सुधीर बुड़ाकोटि का कहना था कि उन्हें शासन ने भेजा है। अगर कुलपति को आपत्ति है तो वह शासन में दर्ज करा सकती हैं। वहीं कुलपति प्रो. कुसुम अरुणाचलम से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह मीटिंग में थी। बाद में उन्हें एसएमएस भेजा गया, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिला। जब उनका पक्ष आएगा तो वह भी प्रकाशित किया जाएगा।
कुलसचिव ने शासन को भेजी रिपोर्ट : दून विवि में ऑडिट की गड़बड़ियों और अधिक वेतन भुगतान पर रिकवरी से संबंधित आदेश की पूरी रिपोर्ट सोमवार को शासन को सौंप दी है। अब इस मामले में शासन स्तर से जांच समिति भी गठित की जा सकती है।