ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
हर्ष की शानदार गेंदबाजी की बदौलत दून राइडर को 61 रन से हराकर लिटिल स्टार एकेडमी ने पांचवें आरके अग्रवाल मेमोरियल अंडर-19 राजेंद्र स्पोर्ट्स चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया। हर्ष ने चार ओवर में सिर्फ दस रन देकर चार विकेट झटके।
उत्तराखंड यूथ टी-20 क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से खेली जा रही प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच बृहस्पतिवार को दून ग्लोबल स्कूल के मैदान में लिटिल स्टार एकेडमी और दून राइडर के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लिटिल स्टार एकेडमी की टीम ने 18.5 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ओपनर बल्लेेबाज हरदीप (21) और शादाब (29) टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में सफल रहे। इसके बाद अमित ने 24 और आयुष ने 14 रन बनाए। निचले क्रम के किसी बल्लेबाज के नहीं चलने से टीम ने बाकी के छह विकेट केवल 30 रनों पर ही गवां दिए। दून राइडर की ओर से अभिषेक ने छह और सचिन ने दो विकेट लिए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून राइडर की पूरी टीम महज 57 रनों पर सिमट गई और मुकाबला 61 रनों से हार गइ। टीम के लिए निचले क्रम के अनुभव सर्वाधिक 17 रन बना कर नाबाद रहे। इसके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज नहीं चल सका। लिटिल स्टार के गेंदबाज हर्ष ने चार और राहुल ने दो विकेट चटकाए। आज प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।