ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
गढ़वाल विश्वविद्यालय से असंबद्ध होकर श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध होने वाले सभी राजकीय महाविद्यालयों में फिलहाल पुरानी सीटों पर ही दाखिले होंगे। श्रीदेव सुमन विवि ने इसका आदेश जारी कर दिया है। अगले वर्ष से कॉलेजों में सीट बढ़ोतरी आदि पर फैसला लिया जा सकता है।
श्रीदेव सुमन विवि के कुलसचिव डॉ. अनिल भट्ट के मुताबिक, हाल ही में जो राजकीय महाविद्यालय गढ़वाल विवि से असंबद्ध होकर श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध हुए हैं, वहां दाखिले शुरू हो चुके हैं। उन्होंने सभी कॉलेजों को सूचना भेजी है कि फिलहाल वह इस साल प्रथम वर्ष या प्रथम सेमेस्टर में गढ़वाल विवि की ओर से अनुमन्य सीटों पर ही दाखिले लेंगे, लेकिन सिलेबस श्रीदेव सुमन विवि का ही पढ़ाया जाएगा। श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डॉ. उदय सिंह रावत के मुताबिक, चूंकि सत्र शुरू हो चुका था, इसलिए पुरानी सीटों पर ही दाखिले किए जाएंगे। श्रीदेव सुमन विवि का सिलेबस तैयार हो चुका है, इसलिए इस साल से सभी नियम और सिलेबस श्रीदेव सुमन विवि के ही लागू होंगे।