धरना स्थगित, सचिवालय कूच चार को
ब्यूरो/अमर उजाल/देहरादून।
रोडवेज के संविदा एवं विशेष श्रेणी कर्मियों का न्यूनतम वेतनमान 18 हजार रुपये करने समेत तीन मांगों को लेकर आरएम कार्यालय में चल रहा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद का धरना शुक्रवार को स्थगित हो गया। धरना स्थगित करने से पूर्व परिषद पदाधिकारियों की प्रबंध निदेशक बीके संत से हुई बातचीत विफल रही। इसके बाद पदाधिकारियों ने चार जनवरी को सचिवालय कूच की घोषणा कर दी। प्रांतीय महामंत्री राम चंद्र रतूड़ी ने कहा कि सचिवालय कूच के दौरान ही चक्का जाम एवं कार्य बहिष्कार का एलान किया जाएगा।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद संविदा एवं विशेष श्रेणी कर्मी न्यूनतम वेतन 18 हजार करने, शासन से निगम के 60 करोड़ रुपये जारी करने और नियमित कर्मियों का वेतन हर महीने पहले सप्ताह जारी करने की मांग को लेकर आंदोलित हैं। परिषद के आह्वान पर कर्मचारी बीते तीन दिनों से आरएम कार्यालय पर धरने पर थे। महामंत्री राम चंद्र रतूड़ी के मुताबिक चौथे दिन भी निगम प्रबंध निदेशक बीके संत से हुई बातचीत में कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद सर्वसम्मति से धरना स्थगित कर दिया गया। इस दौरान चार जनवरी को सचिवालय कूच का निर्णय किया गया। रैली के रूप में कर्मचारीचार जनवरी को सचिवालय कूच करेंगे। इसके बाद भी प्रबंधन मांगों को लेकर सहमत नहीं होता है तो चक्का जाम और कार्य बहिष्कार की घोषणा की जाएगी। धरने में मेजपाल सिंह, प्रेम सिंह रावत, दिनेश पंत, शिव नारायण तिवारी, राजकुमार गुर्जर, बृजपाल सिंह, राम प्रकाश, विपिन बिजल्वाण, भुवन चंद्र फुलारा, भुवन सेमवाल, ओमपाल, राकेश पेटवाल, भरत असवाल मौजूद थे।