उत्तराखंड के होनहारों के लिए एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ गई हैं। इन सीटों पर नीट यूजी प्रवेश परीक्षा की रैंक से दाखिला होगा। हिमालयन मेडिकल कॉलेज जौलीग्रांट में इस साल 150 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला होगा। गत वर्ष एमसीआई ने यहां की सीटें घटाकर 150 से 100 कर दी थी। इस साल फिर सीटों की संख्या बढ़ा दी है।
हिमालयन मेडिकल कॉलेज के स्वामी राम हिमालयन विवि के कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने बताया कि इससे प्रदेश के होनहारों को लाभ मिलेगा। बता दें कि एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में 150, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में 150, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में 100 और राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में 100 एमबीबीएस सीटें हैं।