ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नगर पालिका कांप्लेक्स के पीछे गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बाजार और आसपास की बस्तियों का कूड़ा यहां डाले जाने से बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। नगर पालिका हर घर से कूड़ा उठाने का दावा करती है, लेकिन पालिका के अपने ही कांप्लेक्स के पीछे से कई दिनों तक कूड़ा उठान नहीं होता है।
भले ही नगर पालिका प्रशासन की ओर से स्वच्छ नगर, सुंदर नगर का दावा किया जा रहा हो। लेकिन, नगर के अंदरूनी क्षेत्रों में जाने पर इस दावे की जमीनी हकीकत सामने आ जाती है। 28 फुटा रोड पर स्थित नगर पालिका के कांप्लेक्स में स्थानीय व्यापारियों को दुकानें आवंटित की गई हैं। जबकि, आसपास कई आवासीय बस्तियां भी हैं। इसी रास्ते से गुजर कर जैन बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं भी आवागमन करतीं हैं। कांप्लेक्स के पीछे हर दिन कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, जिससे आने वाली दुर्गंध से स्थानीय व्यापारियों के साथ ही अन्य लोगों को भी परेशानी से जूझना पड़ता है। व्यापारी राकेश सक्सेना, प्रमोद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन से कई बार कूड़ा उठाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन यहां कूड़ा उठाने वाले वाहन कई दिनों तक नहीं आते।
उधर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बीएल आर्य ने बताया कि सेनेट्री इंस्पेक्टर को शहर की प्रत्येक आवासीय बस्ती और संपर्क मार्गों से नियमित कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए हैं।