ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। कश्मीरी छात्रों के खिलाफ सोमवार को डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रों और कुछ संगठनों ने सहस्त्रधारा रोड, आईटी पार्क स्थित उत्तरांचल कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप है इसी बीच कुछ प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज में तोड़फोड़ कर दी। साथ ही प्रबंधक के कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ सचिव समेत 23 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर राजपुर थाने में इनके खिलाफ बलवा, मारपीट और गालीगलौज के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आतंकी हमले में शहीद जवानों पर कुछ कश्मीरी छात्रों की ओर से की गई टिप्पणी से दूनवासी बेहद आहत हैं। इसके विरोध में दो दिन तक गुस्साए लोगों ने प्रेमनगर और सुद्धोवाला क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों के बाहर प्रदर्शन भी किया। इस पर कॉलेज प्रबंधकों ने आरोपी दो छात्रों और एक छात्रा को कॉलेज से बाहर किया। सोमवार को प्रेमनगर क्षेत्र में स्थिति सामान्य रही। लेकिन, प्रदर्शनकारियों का हुजूम सहस्त्रधारा रोड स्थित उत्तरांचल कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के बाहर पहुंच गया। यहां प्रदर्शनकारियों ने कश्मीरी छात्रों के विरोध में नारेबाजी की और कॉलेज प्रबंधन से उन्हें बाहर करने की मांग की। सूचना पर थानाध्यक्ष राजपुर नत्थीलाल उनियाल मय फोर्स कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज में तोड़फोड़ कर दी। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर 23 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष नत्थीलाल उनियाल ने बताया, कॉलेज के निदेशक कमल साहनी की तहरीर पर 23 आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, तोड़फोड़ और गाली गलौज के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में डीएवी छात्रसंघ के सचिव शूरवीर सिंह चौहान, छात्रसंघ नेता सचिन पुंडीर, शुभम राठौर, अभिषेक रावत, नितिन, आशीष कुमार, डिक्की कुमार, मोनू, शिवांक, सुनित, विनयपाल, आशीष, मोहम्मद सफी, मुकुल, हेमंत, मुदित, दीक्षांत, पवन, तनुज, रोहित डबराल, तारा चंद शामिल हैं।