ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान नहीं मिलने पर लोगों ने शुक्रवार को नगर निगम में पहुंचकर प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्होंने बीते बुधवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ट्रांसपोर्ट नगर में दुर्बल आय वर्ग के लिए बनाए गए 224 मकानों के लिए बनाई गई सूची में उनके नाम थे, फिर भी उन्हें आवास नहीं मिले।
आवास दिए जाने की मांग पर शुक्रवार को ज्योति, जेठा लाल, रोशन, गुरप्रीत कौर आदि नगर निगम पहुंचे और आवंटन में गड़बड़ी का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बीते 17 दिसंबर को नगर निगम के टाउन हॉल में लॉटरी के जरिये टीपी नगर में बने 224 आवास आवंटित किए गए। इस सूची में उनके नाम भी सूची में थे, ऐसे में उन्हें भी आवास दिया जाना चाहिए। इस मौके पर सुशील, फरहाना अंसारी, करमजीत, शारदा, संदीप आदि मौजूद रहे।
---
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एमडीडीए की ओर से नामों की सूची मांगी गई थी। इसके तहत 689 नामों की सूची सौंप दी गई थी। आवास आवंटन की प्रक्रिया एमडीडीए को करनी थी, ऐसे में नगर निगम की कोई भूमिका नहीं है।
-विजय कुमार जोगदंडे, नगर आयुक्त
--
एमडीडीए ने नगर निगम की ओर से भेजे गए 689 लोगों के बीच लॉटरी के जरिये मकान आवंटित किए हैं। जिनकी लॉटरी नहीं निकली, उन्हें आवास नहीं दिए जा सकते हैं। एक मकान के लिए तीन लोगों के बीच लॉटरी कराई गई थी, प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई है।
-डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष एमडीडीए