ईसीएचएस अस्पतालों में डॉक्टरों की तैनाती करे सरकार
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। भूतपूर्व सैनिकों ने सरकार से ईसीएचएस कार्डधारकों की सुविधाओं का भी ध्यान रखने की मांग सरकार से की है। पूर्व सैनिकों का कहना है कि राज्य के जिलों व शहरों में ईसीएचएस अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है। इसके चलते पूर्व सैनिकों को इलाज कराने में दिक्कतें आ रही हैं।
कैप्टन आलम सिंह भंडारी का कहना है कि सेना की ओर से आमजन को इलाज की सुविधाएं पहले ही मुहैया कराई जा रही है, लेकिन उत्तरांचल के पर्वतीय इलाकों खासकर उत्तरकाशी, कर्ण प्रयाग, रुद्रप्रयाग, चंपावत, बागेश्वर, पौड़ी, लैंसडौन, कोटद्वार जैसे शहरों में संचालित ईसीएचएस अस्पतालों में डॉक्टरों की तैनाती नहीं है। इसके चलते भूतपूर्व सैनिकों व परिजनों को इलाज कराने के लिए भटकना पड़ रहा है। इन अस्पतालों में डॉक्टरों की तैनाती नहीं होने से ईसीएचएस कार्डधारकों को देहरादून, दिल्ली जैसे शहरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। भंडारी ने सरकार को पत्र लिखकर ईसीएचएस अस्पतालों में डॉक्टरों की तैनाती और पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है।