खेतों में बनाया बाजार, विलन से भिडेंगे रजनीकांत
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। देहरादून मार्ग स्थित भट्टा गांव में रविवार को दक्षिण भारतीय फिल्म की शूटिंग होगी। जिसके लिए खेतों में बाजार बनाया गया है। जिसमें हीरो रजनीकांत और विलन बीच लड़ाई का सीन शूट किया जाएगा।
भट्टा निवासी दिलीप सिंह रावत, दयाल सिंह रावत, छात्र नेता आशीष रावत व गौरव सिंह ने बताया कि करीब एक सप्ताह से उनके गांव में सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म की शूटिंग के लिए खेतों में सेट बनाया जा रहा है, जिसके लिए फिल्म यूनिट ने फसलें कटवाकर खेत खाली करवाएं थे। इसके लिए किसानों को फसलों का मुआवजा दिया गया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके गांव में बॉलीवुड फिल्म परमाणु, स्टूडेंट ऑफ दी ईयर टू और बत्ती गुल मीटर चालू जैसी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। अब रजनीकांत की फिल्म की शूटिंग होने से गांव के लोगों में शूटिंग को लेकर उत्साह है। ग्रामीण शूटिंग यूनिट को हरसंभव सहयोग कर रहे हैं।
रविवार को होने वाली शूटिंग के लिए सेट को सब्जी मंडी का रूप दिया गया है। पास ही एक मंदिर जैसा सेट बनाया गया, जिसमें दर्जनों त्रिशूल और बड़े घंटे लगाए गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शूटिंग में इस बाजार में रजनीकांत खरीदारी करने पहुंचते हैं। इसी दौरान वहां विलन भी आ जाता है, जिस पर दोनों के बीच लड़ाई का सीन शूट किया जाएगा।