ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नागरिक सुरक्षा कोर के नगर निगम सभागार में शनिवार को आयोजित वार्षिक समारोह में पोस्ट वार्डन एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी एवं चमोली में नागरिक सुरक्षा कोर का गठन करने की बात कही।
मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रदेश की सीमा अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी है। इसके अलावा यहां आपदा का खतरा भी रहता है। ऐसे में नागरिक सुरक्षा कोर के गठन से सरकार को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में उत्तरकाशी भूकंप के दौरान हजारों स्वयंसेवी आगे आए। हर जिले में पूर्व सैनिक और महिला मंगल दल हैं जो नागरिक सुरक्षा कोर में काम करने को तैयार हैं। वर्तमान में एनसीसी और एनएसएस के 56 हजार छात्र-छात्राओं को नमामि गंगे से जोड़ा गया है। इसके अलावा 21 हजार छात्रों ने रक्तदान किया जो सराहनीय है। इससे पहले मंत्री ने डॉ. सूर्य प्रकाश भट्ट को सर्वोच्च सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। इसके अलावा सर्वोच्च महिला वार्ड के रूप में शीला श्रीवास्तव व रेखा राजपूत, सर्वोच्च घटना नियंत्रण अधिकारी के लिए देवेंद्र शाह, नंद किशोर जगननाथ कन्नौजिया, संजय जैन, सर्वोत्तम पोस्ट के लिए आलम सिंह रावत को उत्तर प्रभाग से प्रथम, राम कुमार शर्मा को दक्षिण प्रभाग से प्रथम, संजीव कुमार को उत्तर प्रभाग से द्वितीय, सरदार बलविंदर सिंह को दक्षिण प्रभाग से द्वितीय, वरेश मित्तल को उत्तर प्रभाग से तृतीय, विनोद कश्यप को दक्षिण प्रभाग से तृतीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। समारोह में एडीजी राम सिंह मीना, सहायक उप नियंत्रक छत्र सिंह बोथ्याल, मुख्य वार्डन सतीश अग्रवाल, उप मुख्य वार्डन नीरज गुप्ता, उमेश्वर सिंह रावत, नरेश प्रसाद रतूड़ी, योगेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।