ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
जीएमएस रोड स्थित होटल सेफ्रॉन लीफ में आयोजित कार्यक्रम में त्यागी रोड पर संचालित होने वाली निशुल्क डिस्पेंसरी का मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत और सुबोध उनियाल ने शुभारंभ किया। डिस्पेंसरी का संचालन दून एनिमल वेलफेयर संस्था की ओर से किया जाएगा। डिस्पेंसरी में गरीब लोगों को मुफ्त दवाईयां उपलब्ध कराई जाएगी। समारोह में इस मुहिम से जुड़ने वाले गणमान्य लोगों का अतिथियों ने सम्मान भी किया।
शनिवार को दून एनिमल वेलफेयर संस्था, दून पेज थ्री और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि कुछ जुनूनी लोग होते हैं, जो लोगों के दुख दर्द बांटने और उनके जख्मों पर मरहम लगाने का काम करते हैं। ऐसे लोगों को वह सलाम करते हैं। कहा कि जुनूनी लोगों का कोई अपमान कर रहा है तो उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता, वे तो आत्म संतुष्टी के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पैसा कोई भी व्यक्ति कमा लेता है, लेकिन समाज एवं दूसरों के लिए बहुत कम लोग जीते हैं।
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में काम करना मुश्किलों भरा है। खासकर युवाओं के लिए जो बदलते दौर में मोबाइल और लेपटॉप से घिरे हुए हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में आगे बढ़ना है तो सकारात्मक सोचें और बड़ा उद्देश्य रखें।
विशिष्ट अतिथि मेडिसिन बाबा के नाम से प्रसिद्ध ओमकार नाथ शर्मा ने कहा कि समाज के लिए यदि कोई कुछ करना चाहता हैं तो सम्मान की आस छोड़ दो और आलोचनाओं से मत घबराओ। आपके बारे में कौन क्या कह रहा है, इस पर ध्यान मत दो। बची दवाएं कूड़े में न जाकर दान में भी जाए, केवल यह लक्ष्य लेकर चलो।
विशिष्ट अतिथि मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि बहुत से लोग हजारों रुपये की दवाएं खरीदकर फेंक देते हैं। घर की सफाई करने के दौरान भी पुरानी बची दवाओं को फेंक दिया जाता है, जिसे किसी जरूरतमंद को दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में बहुत से लोग काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ ही लोग ऐसे हैं जो ईमानदारी से काम कर रहे हैं। अधिकतर लोग तो अखबारों की सुर्खियों, सेमिनार और गोष्ठी तक सीमित हैं। समारोह में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नीलम सहगल, दून संस्कृति की रमा गोयल, जोगेंद्र पुंडीर, सौम्या रोथाण, सचिन गांधी आदि मौजूद रहे। समारोह का संचालन मनु आहुजा ने किया।
...................................
हर साल तीन करोड़ की दवा बांटते हैं बाबा
मेडिसिन बाबा के नाम से प्रसिद्ध दिल्ली निवासी 81 वर्षीय ओमकार नाथ शर्मा हर साल जरूरत मंद लोगों को तीन करोड़ की दवाएं मुफ्त बांटते हैं। दिल्ली में वर्षों पूर्व मेट्रो पुल हादसे में घायलों को देख उन्हें जरूरतमंद लोगों की इस तरह से सेवा की प्रेरणा मिली। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस हादसे में चार से पांच लोगों की मौत हो गई थी एवं कई लोग घायल हो गए थे। घायलों को जिस अस्पताल में भर्ती कराया गया उन्हें वहां भी दवा उपलब्ध नहीं हो पाई। इस पर उन्होंने इस तरह से सेवा की ठानी। उन्होंने कहा कि उनके दोनों पांव खराब हैं। वे 85 फीसदी दिव्यांग हैं, इसके बावजूद हर रोज बसों एवं गली मोहल्लों में जाकर जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों से बची दवाएं मांगते हैं। उन्होंने कहा कि शुरूआत में उन्हें इस तरह लोगों से दवाएं मांगने पर परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन अब अन्य लोगों के साथ ही परिजनों का भी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मान और लोगों की आलोचना से कोई फर्क नहीं पड़ता। उनकी दवा से कोई मरीज ठीक होता है तो उन्हें इससे प्रोत्साहन और नई ऊर्जा मिलती है।
..................
आकाश के नृत्य और सोनिया के गीतों ने बांधा समा
समारोह में गायिका सोनिया आनंद के जिंदगी प्यार का गीत है इसे हर दिल को गाना पड़ेगा गीत एवं सुपर डांसर सीजन टू के फाइनलिस्ट आकाश थापा के बन जा तू मेरी रानी गीत पर नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोहा। सभी ने उनकी प्रस्तुति को खूब सराहा। इसके अलावा रजत शुक्ला व आभा शर्मा के गीतों की प्रस्तुति ने भी समारोह में समा बांधा।
............................
मुहिम से जुड़ने पर इनका हुआ सम्मान
अमर उजाला फाउंडेशन, हिमालयन ड्रग्स के एस फारूख, उत्तरांचल विवि के जितेंद्र जोशी, दून इंटरनेशनल स्कूल के डीएस मान, विंडलास फार्मेसी के अशोक कुमार विंडलास, डाल्फिन इंस्टीट्यूट के चेयरमैन अरविंद गुप्ता, शिवालिक कॉलेज के वाइस चांसलर अजय कुमार, अविरल क्लासेज के डायरेक्टर डीके मिश्रा, सीएमआई अस्पताल के डॉ. महेश कुडियाल, कैटलिस्ट एडवरटाइजमेंट के रवि महर्षि, अनंत योगा की निदेशक सुषमा महर्षि, बीएफआईटी इंस्टीट्यूट के चेयरमैन जेएस अरोड़ा, सीएमआई की डॉ. सुमिता प्रभाकर, प्रभात सिनेमा के निदेशक दीपक नागलिया, दून पीजी कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संजय चौधरी, संजय मेटर्नेटी सेंटर की डायरेक्टर डॉ. सुजाता संजय, मिनरवा कॉलेज के चेयरमैन पीके जैन, ज्योतिष आचार्य साहिबा जैन एवं समाज सेवी निशांत जैन, समाज सेवी कुंवर जपेंदर सिंह, रावत आईएएस एकेडमी के जीएस रावत, सिटी हार्ट हॉस्पिटल के डॉ. संजय गांधी, दून डिफेंस एकेडमी के निदेशक संदीप गुप्ता, गायिका सोनिया आनंद रावत, समाज सेवी रीता गोयल, वीआर क्लासेज के निदेशक वैभव राय, वाइब्रेंट एकेडमी के निदेशक संजय गुप्ता, रिन्यू क्लीनिक के निदेशक डॉ. तरुण जैन, लक्ष्मी डेंटल के निदेशक डॉ. नितीश कांबोज, श्री आई केयर के निदेशक डॉ. वृज भूषण, डीपीएमआई कॉलेज के निदेशक नरेंद्र सिंह, नाली योगा के निदेशक आशीष गिलोहत्रा, प्रयाग आईएएस एकेडमी के निदेशक आरए खान, होटल सेफ्रॉन लीफ से संधु गुप्ता, दून डिफेंस कॅरियर प्वाइंट से जेपी नौटियाल, समाज सेवी रविंद्र आनंद, समाज सेवी जौली जे लजारूस आदि।
.....................
जरूरतमंदों तक पहुंचाए बची दवाएं: आशु
दून एनिमल वेलफेयर के संस्थापक आशु अरोड़ा ने कहा कि डिस्पेंसरी में मुफ्त दवाएं बांटी जाएंगी। उन्होंने लोगों से घर पर बची पुरानी दवाओं को डिस्पेंसरी में जमा कराने की अपील की। ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें। समारोह में संस्था की संस्थापक मिली कौर की ओर से किए गए कार्यों की डाक्यूमेंट्री दिखाई गई। समारोह में अमर उजाला फाउंडेशन, दून पेज थ्री की डायरेक्टर एवं दून एनिमल वेलफेयर की अध्यक्ष कंचन भट्ट, दून एनिमल वेलफेयर की वाइस प्रेजीडेंट आचार्य साहिबा जैन एवं निशांत जैन का विशेष सहयोग रहा।
................................
घर पर बची दवाओं को देने के लिए यहां करें संपर्क
आशु अरोड़ा
दून एनिमल वेलफेयर संस्था के संस्थापक
मोबाइल नंबर 7906126965