ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
विधि की प्रवेश परीक्षा कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) 26 मई को देशभर में आयोजित होगी। इसके लिए प्रवेशपत्र जारी कर दिए हैं। परीक्षा के लिए अभ्यर्थी को अपने एडमिट कार्ड के साथ ही फोटोयुक्त आईडी जरूर लानी होगी। अभ्यर्थी को दो घंटे में 200 प्रश्नों के जवाब देने होंगे।
क्लैट कंसोर्टियम के मुताबिक देशभर में 26 मई को ऑफलाइन क्लैट का आयोजन किया जाएगा। कई वर्ष से परीक्षा ऑनलाइन आयोजित कराई जा रही थी। इसमें कई बार विवाद हो रहे थे। लिहाजा, इस साल इसे ऑफलाइन कराने का फैसला लिया गया था। परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा में 120 मिनट में 200 प्रश्न हल करने होंगे, लिहाजा समय प्रबंधन बहुत जरूरी होगा। अभ्यर्थी को अपने एडमिट कार्ड के साथ ब्लैक या ब्लू बाल प्वाइंट पेन और एक आईडी लेकर जानी होगी। परीक्षा केंद्र पर 15 मिनट पहले तक एंट्री दी जाएगी। विलंब से आने वालों को मौका नहीं दिया जाएगा। परीक्षा विशेषज्ञ लॉ प्रेप के निदेशक एसएन उपाध्याय का कहना है कि क्लैट की तैयारी में बेहद कम समय है। अभ्यर्थियों को चाहिए कि वह समय प्रबंधन करते हुए तैयारी करें।
यहां से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड : https://clatconsortiumofnlu.ac.in/