ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या और जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में बने मतगणनास्थल का दौरा किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कर्मचारियों की सुविधा का भी ध्यान रखे जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैरिकेडिंग, कनेक्टिविटी व अन्य तकनीकी और सुरक्षात्मक तैयारियों को समय से पहले पूरा करने को कहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या सोमवार को डीएम एसए मुरुगेशन के साथ महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचीं और प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप मतगणना की तैयारी के निर्देश दिए। मतगणना के लिए ईवीएम मॉडल रूम बनाने के भी निर्देश दिए। साथ ही मतगणना के लिए किए जाने वाले विभिन्न कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए। सहायक निर्वाचन अधिकारी पीएस रावत को मतगणनास्थल पर विभिन्न प्वाइंट्स की स्पष्ट पहचान के लिए पर्याप्त संख्या में और विजिबल संकेतक, फ्लैक्स आदि लगाने को कहा। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ओएनजीसी में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।