थत्यूड़ (टिहरी)। जल संस्थान की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। तीन दिन से थत्यूड़ ब्लॉक मुख्यालय में पानी के लिए त्राही-त्राही मची हुई है। पानी के लिए लोगों को हैंडपंप और प्राकृतिक जल स्रोतों पर लाइन लगाकर खड़ा रहना पड़ रहा है। शिकायत दर्ज करने के बाद भी जल संस्थान समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।
कड़ाके की ठंड में थत्यूड़ ब्लॉक मुख्यालय और आसपास निवासरत लोगों को पानी नसीब नहीं हो पा रहा है। पानी के लिए सुबह और शाम को लोगों को हैंडपंप और प्राकृतिक स्रोतों पर भागना पड़ रहा है। तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है। इन दिनों थत्यूड़-तेबा-बंगशील मोटर मार्ग पर एक निजी मोबाइल कंपनी केबल लाइन बिछाने का काम कर रही है। जगह-जगह सड़क की खुदाई होने से पेयजल लाइन अलग-अलग स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक सजवाण, महामंत्री सुनील भट्ट, जगत असवाल ने कहा कि पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने और पानी की आपूर्ति बाधित होने की सूचना जल संस्थान के ईई को दी थी। बावजूद इसके क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत नहीं की गई। ईई सतीश चंद्र नौटियाल का कहना है कि मोबाइल कंपनी के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त लाइन जोड़ने को कहा गया है। विभागीय कर्मचारियों ने भी लाइन मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है।