सरकारी छुट्टियों के दौरान ही होंगे अधिवेशन और चुनाव
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग के तहत सभी मान्यता प्राप्त शिक्षक संघों के अधिवेशन व उनके चुनाव के लिए विशेष अवकाश अनुमन्य नहीं किया जाएगा। शिक्षक संघों के अधिवेशन व उनके संघों के चुनाव अब सरकारी अवकाशाें के दौरान ही संपन्न कराए जाएंगे। निदेशक प्रारंभिक शिक्षा आरके कुंवर की ओर से इस संबंध में सभी मंडलीय अपर निदेशकों, मुख्य शिक्षा अधिकारियों व जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
पिछले दिनों शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे की अध्यक्षता में हुई शिक्षा विभाग की बैठक में यह मुद्दा उठाया गया था। बैठक में यह बात सामने आयी थी कि शिक्षा विभाग के सभी मान्यता प्राप्त संगठनों व एसोसिएशन के चुनावों के लिए विशेष अवकाश अनुमन्य किए जाते हैं। ऐसा होने से स्कूलों में पठन पाठन पर असर पड़ता है। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि भविष्य में शिक्षक संघों के अधिवेशन व उनके चुनाव सरकार की ओर से दी जाने वाली छुट्टियों के दौरान ही कराए जाएं। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए थे कि संबंध में आदेश जारी किए जाएं।
आखिरकार शिक्षा मंत्री के आदेश पर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा आरके कुंवर की ओर से सभी मंडलीय अपर निदेशकों, मुख्य शिक्षाधिकारियों व जिला शिक्षाधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। अपर निदेशक की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि तमाम शिक्षक संगठनों के चुनाव व अधिवेशन सरकारी अवकाश के दौरान ही कराए जाएं। इनके लिए विभागीय स्तर पर कोई विशेष अवकाश स्वीकृत न किया जाए।