ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
स्वच्छता के लिए रेलवे 15 सितंबर से स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित करने जा रहा है। इस मुहिम के पहले दिन सभी कर्मचारी स्वच्छता की प्रतिज्ञा लेंगे। इसके बाद लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करेंगे। इसी क्रम में एनटीपीसी और रेलवे ने संयुक्त प्रयासों से देहरादून स्टेशन पर 34 कूड़ेदान रखवाए हैं। स्वच्छता पखवाड़ा एक अक्तूबर तक चलेगा।
पखवाड़े के पहले दिन रेलवे के सभी कर्मचारी स्वच्छता की शपथ लेंगे। इसके अलावा संवाद कार्यक्रम के तहत यात्रियों से सुझाव और सुविधाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। दूसरे दिन ट्रेनों में पेयजल सुविधाओं का निरीक्षण और सेंपल टेस्टिंग का काम होगा। इसके तहत विभिन्न ट्रेनों में पानी की उपलब्धता, स्वच्छता और शौचालय की व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। इस दौरान रेल यातायात सुविधाआें को लेकर यात्रियों की राय भी जानी जाएगी। देहरादून रेलवे स्टेशन डायरेक्टर हर स्वरूप सिंह ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्वयंसेवी संस्थाआें को भी आमंत्रित किया जाएगा। निजी संस्थाओें के साथ रेल विभाग कर्मचारी श्रमदान भी करेंगे।