ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। गांधी रोड स्थित मंडलीय प्रबंधक (आरएम) कार्यालय पर 26 सूत्री मांगों को लेकर धरना दे रहे रोडवेज कर्मचारियों ने वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय किया है। वहीं कर्मचारियों ने सात दिन में मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद् से जुड़े कर्मचारी अपनी विभिन्न 26 सूत्री मांगों को लेकर गांधी रोड स्थित आरएम कार्यालय परिसर में बीते मंगलवार से धरना दे रहे थे। इसी को लेकर बुधवार को मंडलीय प्रबंधक संचालन पवन मेहरा और मंडलीय प्रबंधक तकनीकी एसएम पंत की मौजूदगी में रोडवेज कर्मचारी की वार्ता हुई। वार्ता में कर्मचारियों को वेतन जल्द भुगतान करने, राजकीय चालकों की तरह निगम चालकों को 4600 ग्रेड पे देने समेत कई बिंदुओं पर सहमति बनी। इसके बाद रोडवेज कर्मचारियों ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया। हालांकि संगठन के पदाधिकारियों एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर पुन: आंदोलन की चेतावनी दी है। इस अवसर पर उप महामंत्री विपिन बिजल्वाण, क्षेत्रीय अध्यक्ष मेजपाल सिंह, मंत्री दिनेश पंत, प्रेम सिंह रावत, शिवनारायण तिवाड़ी, प्रवीन सैनी, अमरीश, अखिल डोभाल, तेजपाल सिंह, विक्रांत, दीपक, नवल किशोर, सोनल सिंह, ओमपाल आदि मौजूद रहे।