देहरादून। राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के प्रश्नों के माध्यम से उत्तराखंड के स्वास्थ्य और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े सामने आए हैं। संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत राज्य में 300 आयुष आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लगभग 22 करोड़ रुपये की धनराशि से आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव के अनुसार उत्तराखंड के सभी 300 आयुष मंदिर पूरी तरह कार्यशील हैं, जिनके लिए पिछले तीन वर्षों में 21.84 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है और इसका पूरा उपयोग हुआ है।
वहीं, सहकारिता क्षेत्र को लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बताया कि देश की पंचायतों तक सहकारिता का विस्तार किया जा रहा है। उत्तराखंड में वर्तमान में 606 पैक्स, 269 डेयरी और 124 मात्स्यिकी समितियों सहित कुल 999 सहकारी समितियां सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। इन योजनाओं से ग्रामीण आर्थिकी को मजबूती मिल रही है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।