ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि रहे अपर मुख्य सचिव आईपीएस ओम प्रकाश ने प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन ऊंची कूद और आठ मीटर दौड़ के मुकाबले हुए। इसमें ऊंची कूद में राजकीय महिला पॉलीटेक्निक देहरादून की पार्वती ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बालक वर्ग की आठ सौ मीटर दौड़ में राजकीय पॉलीटेक्निक देहरादून के नागेंद्र्र प्रथम, केएलपी रुड़की के राहुल सैनी दूसरे और राजकीय पॉलीटेक्निक कोटाबाग के ललित सिंह तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की ऊंची कूद में पार्वती प्रथम, राजकीय पॉलीटेक्निक काशीपुर की हिमानी रावत दूसरे और राजकीय पॉलीटेक्निक जैती की सपना जोशी तीसरे स्थान पर रहीं। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि निदेशक प्रावधिक शिक्षा व अपर सचिव कौशल विकास अहमद इकबाल, राजकीय पॉलीटेक्निक देहरादून के प्रधानाचार्य एके सक्सेना, एमके कंयाल, सुनील कुमार बिजल्वान, डॉ. मुकेश पांडेय आदि मौजूद रहे।