ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल डॉक्टरगंज के वार्षिकोत्सव समारोह में बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने लघु नृत्य नाटिका के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेेश भी दिया। समारोह का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया।
उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक हम बेटा, बेटी में भेदभाव का नजरिया नहीं बदलेंगे तरक्की नहीं कर सकेंगे। समारोह में बच्चों ने लघु नृत्य नाटिका के माध्यम से बताया कि हरे पेड़ों के काटे जाने और पॉलिथीन के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है। इसके प्रति समय रहते सचेत नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ी को भारी दुष्परिणाम झेलने पड़ेंगे। पॉलिथीन छोड़ों नाटक में आरुषी चौहान, लक्षिका, अंशुल चौहान, विशेष कुमार, समीन डिमरी और वैष्णवी कौशिक ने शानदार अभिनय किया। वहीं, पर्यावरण बचाओ पर अभिषेक शर्मा, राहुल राणा, ऋतिक राणा, अजीत रावत, आरुषी, वंशिका, लक्षिका, आशीष ने शानदार मंचन किया। इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा, प्रिंसिपल सुनीता कुकरेती, सुनीता पांडे, ओम प्रकाश भट्ट, राजेश बिष्ट, सुनील उनियाल, राजेश नौटियाल, सुनील चमोली, सुधीर नौटियाल आदि मौजूद रहे।