ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। एनआईईपीवीडी (दृष्टिबाधितार्थ संस्थान) में छात्राओं का उत्पीड़न थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष संस्थान में काउंसिलिंग करने पहुंची तो उनके सामने एक और छात्रा ने छेड़छाड़ की शिकायत कर दी। अन्य छात्राओं ने भी बताया कि छात्र कमेंट कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। वह अपने आपको यहां सुरक्षित महसूस नहीं करतीं।
इस पर बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष कविता शर्मा ने आरोपी छात्र को काउंसिलिंग के लिए बुलाया। अध्यक्ष ने छात्र को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी गलती मानने को तैयार ही नहीं हुआ। साथ ही वह अभद्रता पर उतारू हो गया। इससे नाराज अध्यक्ष ने आरोपी छात्र के परिजनों को मौके पर बुला लिया, लेकिन उन्होंने भी अपने बेटे (छात्र) की गलती मानने से इनकार करते हुए छात्रा को दोषी ठहरा दिया। इसको लेकर परिजनों और अध्यक्ष के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। आखिर जैसे-तैसे परिजनों का समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
गौरतलब है कि पांच दिन पहले भी संस्थान में उत्पीड़न का शिकार छात्रा ने आरोपी छात्र राकेश रावत के खिलाफ राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस अभी तक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।