ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
प्रदेश में अंडर 19 के पहले ट्रायल से 100 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। अब इन खिलाड़ियों का अंतिम ट्रायल होगा। इसमें से अंडर 19 टीम चुनी जाएगी। पहले ट्रायल में चुने गए 100 खिलाड़ियों में से 50 गढ़वाल मंडल और 50 कुमाऊं मंडल के हैं। इसके अलावा 15 खिलाड़ियों को स्टैंडबाई में रखा गया है।
उत्तराखंड क्रिकेट कंसेंसस कमेटी की ओर से उत्तराखंड की टीम पहली बार बीसीसीआई से संबद्ध टूर्नामेंट खेलने जा रही है। इसके लिए उत्तराखंड की अंडर 19 टीम की चयन प्रक्रिया चल रही है। टीम के लिए प्रारंभिक ट्रायल देहरादून, काशीपुर और रुद्रपुर में लिए गए। जहां से 100 खिलाड़ियों का चयन फ ाइनल ट्रायल के लिए किया गया है। टीम के समन्वयक दिव्य नौटियाल ने बताया कि सभी खिलाड़ियों का फ ाइनल ट्रायल 14 से 16 सितंबर तक सुबह आठ बजे से देहरादून की तनुष क्रिकेट एकेडमी में बीसीसीआई से आए चयनकर्ताओं की मौजूदगी में होगा। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी मूल प्रमाण पत्र लेकर ही ट्रायल में पहुंचें।
-----
267 खिलाड़ी हुए ट्रायल में शामिल
प्रेमनगर की राम राज क्रिकेट एकेडमी में देहरादून की अंडर 16 टीम चयन के लिए हुए ट्रायल में रविवार शाम पांच बजे तक 267 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। देहरादून डिस्ट्रिक्ट टीम के समन्वयक आरएस वाधवा ने बताया कि सोमवार को भी ट्रायल लिया जाएगा। अभी तक कुल 352 खिलाड़ी पंजीकरण करा चुके हैं।