ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
राज्य आंदोलनकारी सरकारी नौकरियों में 10 फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर लामबंद हो गए हैं। रविवार को शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित बैठक में उन्होंने मांग को लेकर नौ जून को गांधी पार्क में धरना देने का एलान किया है।
आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए राज्य आंदोलनकारी कर्मचारी कल्याण परिषद के प्रदेश अध्यक्ष यशवंत सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एक राज्य आंदोलनकारी रहे हैं, लेकिन दुखद है कि इसके बावजूद उन्होंने आंदोलनकारियों के पक्ष में कभी भी ठोस पैरवी नहीं की। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने कहा कि तमाम प्रयासों के बावजूद सरकार के स्तर से राज्य आंदोलनकारियों के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई । कुमायूं मंडल अध्यक्ष विनोद चमोली ने कहा कि राज्य के नौकरशाह मुख्यमंत्री को आंदोलनकारियों के बारे में गुमराह कर रहे हैं । इस मौके पर मंच के महासचिव रामलाल, ललित चंद्र, धर्मपाल रावत, धर्मेंद्र सिंह परिहार, पूरनचंद पांडे, संजय तिवारी, तारा सिंह बिष्ट, गणेश गंगवार, मोहन नेगी, अनुज जैन, धनंजय घिल्डियाल, दिनेश बिष्ट, वीरेंद्र , नवल किशोर, दीपक, रघुवीर सिंह समेत कई उपस्थित थे।