ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
12 सूत्री मांगों के पूरा न होने पर राजकीय चालक महासंघ ने सरकार को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। 72 घंटों में मांगे पूरी न होने पर उन्होंने चक्काजाम कर सभी गाड़ियां सचिवालय में खड़ी करने की चेतावनी दी है।
रविवार को राजकीय वाहन चालक महासंघ की देहरादून शाखा की बैठक यमुना कॉलोनी स्थित संघ कार्यालय में हुई। वक्ताओं ने सरकार पर राजकीय वाहन चालकों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। प्रदेश महामंत्री अनंतराम शर्मा, जिला अध्यक्ष संदीप मौर्या ने कहा कि संगठन की ओर से कई बार मांग पत्र भेजने के बावजूद शासन की ओर से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है। कहा कि 72 घंटे के नोटिस पर पर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। राज्य संपत्ति विभाग की ओर से मुख्य सचिव को आंदोलन का नोटिस दिया जा चुका है। 72 घंटों में मांगे पूरी न होने पर चक्का जाम कर राज्य संपत्ति विभाग के सभी वाहनों को सचिवालय परिसर में खड़ा कर दिया जाएगा। बैठक में सचिवालय चालक संघ के अध्यक्ष शूरवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री रवि जोशी, सोनू कनौजिया, मुकेश तिवारी, मनोहर सिंह जीना, मोहर सिंह, सुनील कुमार, दिनेश मिश्रा, हरीश कोठारी, मनोज सेमवाल, उमेश खत्री आदि मौजूद रहे।
.......................
ये है प्रमुख मांगे
राजकीय वाहन चालक महासंघ को विधायक निवास में संघ कार्यालय देना
शासन में वाहन चला रहे समस्त विभागीय वाहन चालकों का शासन में आमेलन करना
आउटसोर्स-संविदा चालकों के नियमितीकरण
चालकों का ग्रेड वेतन बढ़ाने
टैक्सी प्रथा खत्म करने
स्थानांतरण नियमावली से छूट देने
वर्दी की दरों में बढ़ोतरी करना