ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सूबे में टीबी (क्षय रोग) से जूझ रहे मरीजों की इलाज की दिशा में राज्य सरकार ने एक और पहल की है। सरकार अब मरीजों की दवाई के साथ ही खानपान की भी व्यवस्था करेगी। इसके लिए सरकार प्रत्येक मरीज को हर महीने 500 रुपये पोषण भत्ता देने की तैयारी में है। योजना के पहले चरण में 3277 मरीजों को लाभ मिलेगा। वहीं बलगम जांच के लिए सीबी नेट मोबाइल वैन मरीजों के घर पहुंचेगी।
क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य प्रभारी डॉक्टर वागीश काला ने बताया कि जनवरी से लेकर अब तक 3277 मरीजों को चिह्नित किया गया है। जिन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा। योजना एक अप्रैल 2018 से लागू हो गई है। पोषण भत्ता की धनराशि नकद के बजाय मरीजों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। वहीं अप्रैल 2018 के पहले वालों मरीजों को कम से कम एक महीने तक इलाज के बाद ही पोषण भत्ते का लाभ मिलेगा। इसके अलावा अब मरीजों को बलगम की जांच के लिए केंद्रों में नहीं आना पड़ेगा। बलगम जांच की सुविधा अब सीबी नेट मोबाइल वैन के जरिए मरीजों के घर पर मुहैया कराई जाएगी।