ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन से जुड़े कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर आईएसबीटी पर धरना दिया। कार्य बहिष्कार से गढ़वाल मंडल की करीब 80 बसों का संचालन ठप रहा। देर शाम रोडवेज प्रबंधन से यूनियन के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई। वार्ता में जल्द मांगों पर अमल के आश्वासन पर आंदोलन 15 दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन लंबित मांगों के समर्थन में लंबे समय से आंदोलित है। प्रबंधन से कई दौर की वार्ता होने के बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर यूनियन से जुड़े कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार आधी रात से कार्य बहिष्कार कर दिया। शुक्रवार सुबह ब, ग्रामीण, हिल, जेएनएनयूआरएम, ऋषिकेश, कोटद्वार, रुड़की, हरिद्वार डिपो से आए कर्मचारियों ने आईएसबीटी पर धरना दिया। धरने को यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी, क्षेत्रीय मंत्री केपी सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित कर कर्मचारियों में अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करने के लिए जोश भरा। कार्य बहिष्कार के चलते गढ़वाल मंडल की सभी डिपो की करीब 80 बसों का संचालन ठप रहा। क्षेत्रीय मंत्री केपी सिंह ने बताया कि बसों का संचालन बाधित होने पर प्रबंधन ने वार्ता के लिए बुलाया। यूनियन पदाधिकारियों की मंडल प्रबंधक दीपक जैन, डीजीएम तकनीकी मुकुल पंत और संचालन पवन मेहरा से वार्ता हुई। मांगों के समर्थन में आश्वासन मिलने पर यूनियन ने हड़ताल 15 दिन के लिए स्थगित कर दी गई। धरने के दौरान विपिन कुमार, हरेंद्र कुमार, राज सिंह, अंकुर छोकर, संदीप कुमार, राहुल पंवार आदि मौजूद रहे।
........................
वार्ता में यह बनी सहमति
................................
- परिचालकों से बुकिंग लिपिक की डीपीसी 24 मार्च तक होगी
- पंजाब, हिमाचल, जम्मू, चंडीगढ़ रूट से हटे चालक और परिचालक तीन दिन में बहाल किए जाएंगे
- एसकेएस कंपनी की आडिट जांच एक सप्ताह में की जाएगी
- श्रीनगर डिपो में सभी कर्मियों का लंबित भुगतान पांच दिन में किया जाएगा
- खटारा अनुबंधित एसी बसों का संचालन तत्काल रोका जाएगा
- संविदा, विशेष श्रेणी कर्मियों को अनुशाशनिक प्रकरणों में शिथिलता 31 मार्च तक कर दी जाएगी
- नियमित कर्मियों की तरह संविदा और विशेष श्रेणी कर्मियों को भी आगामी राष्ट्रीय पर्वों पर डबल भुगतान किया जाएगा
- दिल्ली रूट के अनुबंधित ढाबों का अनुबंध खत्म किया जाएगा
- यूनियन कार्यालय के लिए हरिद्वार में भूमि आवंटन पर विचार किया जाएगा
- रुड़की डिपो में द्वेष भावना से खराब की जा रही इंट्री एक सप्ताह में सही की जाएगी
- वॉल्वो में हेल्पर की व्यवस्था की जाएगी।