ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
जिले में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। सरकारी, अर्द्ध सरकारी, शिक्षण संस्थाओं और विभिन्न संस्थाओं के कार्यालयों में तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर शहीदों को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। शिक्षण संस्थाओं में देशभक्ति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मुख्य कार्यक्रम रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने तिरंगा फहराया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने यातायात पुलिस दस्ता, सशस्त्र पुलिस, नागरिक पुलिस, पुलिस बैंड, पीएसी प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पीआरडी प्लाटून एवं महिला पीआरडी टुकड़ी की सलामी ली। अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि आज का दिन देश प्रेम के प्रति हम सभी को जागरुक करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश और अपने नागरिकों प्रति समर्पित भावना से विकास कार्य कर रही है।
ऐतिहासिक झंडा चौक पर फहराया तिरंगा
महानगर कांग्रेस कमेटी ने ज्वालापुर स्थित ऐतिहासिक झंडा चौक कांग्रेसी नेता पंडित भूपेंद्र पटवर ने ध्वजारोहण किया। अध्यक्षता विजय सैनी ने की। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, फुरकान अली, सरफराज गौड़, महेंद्र गुप्ता ने विचार रखे। संचालन ब्लॉक अध्यक्ष यशवंत सैनी ने किया। वहीं कनखल में आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण मेयर अनीता शर्मा ने किया। इस अवसर पर राम किशन गोयल, राज कुमार कनौजिया, सुरेंद्र तेश्वर, पदम राज आनंद आदि मौजूद थे।
शहीद जगदीश वत्स की शहादत को किया याद
उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं अधिकारी संगठन के पदाधिकारियों ने शहीद पर्व में ध्वजारोहण कर देेश के अमर शहीदों को याद किया। अमर शहीद जगदीश वत्स की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर सुभाष, मुकेश त्यागी, सतेंद्र सिंह, राजेश शर्मा, विशाल, खुशीराम आदि मौजूद थे। गरीबदासीय साधु संस्कृत महाविद्यालय में महामंडेश्वर डॉ. श्यामसुंदर दास ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर चेयरमैन राजीव शर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर डॉ. जयलक्ष्मी, कशिश भारद्वाज आदि मौजूद थे। सिंचाई विभाग उत्तरप्रदेश के अधिकारियों ने मायापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित कर गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम मनाया। इस अवसर पर पूर्वी गंग नहर निर्माण खंड के अधीक्षण अभियंता दिनेश कुमार पांडुवाल, अधिशासी अभियंता विजयवीर सिंह यादव, रामनरेश यादव, प्रधानाचार्य मनोज सहगल आदि मौजूद थे।