अलर्ट मोड पर पुलिस
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। 21 जून को राजधानी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मी तीन घंटे मुस्तैद रहेंगे। इसके साथ ही डीजीपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा में नियुक्त किए गए पुलिस बल को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार को पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी की अध्यक्षता में वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की पुलिस लाइन में बैठक हुई। जिसमें कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई और सभी अधिकारी व कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय से तीन घंटा पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें। एफ आरआई में कार्यक्रम स्थल में किसी भी व्यक्ति को पानी की बोतल व अन्य वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ड्यूटी के दौरान कोई जवान निजी मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना पुलिस महानिरीक्षक आयुक्त गढ़वाल परिक्षेत्र संजय गुंजियाल, पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र पुष्पक ज्योति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती, सेनानायक एटीसी राजीव स्वरूप, एआईजी (प्रशिक्षण) स्वीटी अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक (अभिसूचना) सैंथिल अबुदई, पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) बरिंदर जीत सिंह, पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) सुनील कुमार मीणा, सेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रोशनलाल शर्मा, सेनानायक 40वीं वाहिनी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।