ब्यूरो/ अमर उजाला, मसूरी
शहर के विभिन्न राजनैतिक और सामाजिक संगठनों ने यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता रैली निकाली। पर्चे बांटकर लोगों से तेज गति से वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की।
शनिवार को रैली टिहरी बस स्टैंड से गांधी चौक तक निकाली गई। रैली टिहरी बस स्टैंड से शुरू होकर मलिंगार चौक, लंढौर छावनी, गुरुद्वारा चौक, लंढौर बाजार, घंटाघर, कुलड़ी, शहीद स्थल, मालरोड होते हुए गांधी चौक पर संपन्न हुई। कोतवाल भावना कैंथोला द्वारा यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को छपवाए गए पर्चे भी बांटे। वहीं दुकानदारों से दुकानों के आगे दुपहिया वाहन न खड़े करने का भी आग्रह किया गया। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल व व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि तीव्र गति से वाहन न चलाएं। लोगों से नाबालिगों को वाहन न देने और मालरोड पर शाम पांच बजे से लेकर रात्रि साढे़ दस बजे तक कोई भी वाहन न चलाने की अपील की। इस मौके पर मसूरी मातृशक्ति की स्मृति ईरानी, मीरा सकलानी, अनीता धनाई, सभासद शशि रावत, गणेश सैली, जगजीत कुकरेजा, आभा सैली, वरिष्ठ नागरिक समिति के एनके साहनी, गीता कुमांई, शलभ गर्ग, प्रमोद साहनी, अनिल गोयल, आलोक मल्होत्रा, परमजीत कोहली, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।