शस्त्र लाइसेंस धारकों को प्रशिक्षण देगी पुलिस
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। प्रदेश भर के शस्त्र लाइसेंस धारकों को दो दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि उन्हें शस्त्र का व्यवहारिक ज्ञान हो सके। प्रशिक्षण के लिए शस्त्र धारकों से शुल्क भी लिया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) ने लाइसेंस धारकों को शस्त्र का प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव तैयार किया है। पीएचक्यू का मानना है कि अधिकांश धारकाें को शस्त्रों का व्यवहारिक ज्ञान नहीं है, जिससे अक्सर हादसों की संभावना बनी रहती है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। स्वीकृति के बाद प्रत्येक जिले में प्रशिक्षण कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण पुलिस की तरफ से दिया जाएगा। इसके लिए कुछ शुल्क भी वसूला जाएगा। प्रशिक्षण में शस्त्राें के नियमाें और दुरुपयोग पर होने वाली कार्रवाई के बारे में जानकारी दी जाएगी। अप्रैल के पहले सप्ताह में यह प्रशिक्षण देने पर विचार किया जा रहा है।