उत्तरकाशी। अपने ही स्कूल की नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी करने वाले शिक्षकों पर अब शिकंजा कसने लगा है। पीड़ित छात्राओं के परिजनों की तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी शिक्षकों के खिलाफ छेड़छाड़ और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तफतीश शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक राजकीय इंटर कालेज के दो शिक्षकों द्वारा अपने ही विद्यालय की दो नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आने पर छात्राओं के परिजनों और क्षेत्र के ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर रोष जताने के साथ ही विद्यालय के दो शिक्षकों के खिलाफ पुलिस थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने मामले में डीएम को भी ज्ञापन दिया है।
इधर, मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा इस मामले की जांच के लिए गठित कमेटी ने भी विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। सीईओ आरसी आर्य ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी सीएल शाह के नेतृत्व में गठित इस जांच कमेटी में राइंका नेताला के प्रधानाचार्य विजयमल यादव एवं हाईस्कूल मैणागाड ज्ञानसू की प्रधानाचार्या किरन खंडूड़ी शामिल हैं। यह टीम शुक्रवार को उन्हें रिपोर्ट सौंपेगी। दोषी पाए जाने पर आरोपी शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कोट.........
पीड़ित छात्राओं के परिजनों ने विद्यालय में तैनात दो शिक्षकों पर नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोपी शिक्षकों के खिलाफ भादंसं की धारा 354 और 11/12 पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
-महादेव उनियाल, थानाध्यक्ष थाना कोतवाली उत्तरकाशी।