ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
टिहरी में शूटिंग के लिए पहुंचे फिल्म स्टार शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर इन दिनों बातचीत में ‘बल’ लगाने का अभ्यास कर रहे हैं। ‘बल’ ऐसा शब्द है जो गढ़वाली बोली में बातचीत के दौरान अक्सर इस्तेमाल किया जाता है। फिल्म में पहाड़ी युवक-युवती का रोल कर रहे शाहिद और श्रद्धा भी इस शब्द का इस्तेमाल करना सीख रहे हैं। साथ ही गढ़वाली टोन सीखने के लिए स्थानीय युवक की देखरेख में अभ्यास भी कर रहे हैं।
फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू की शूटिंग इन दिनों टिहरी में चल रही है। फिल्म में श्रद्धा कपूर गढ़वाली लड़की ललिता नौटियाल और अभिनेता शाहिद कपूर गढ़वाली युवक की भूमिका में हैं, जो पेशे से वकील है। फिल्म में दोनों स्टार के गढ़वाली रोल अदा करने की बात सुनने के बाद से लोगों में ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है। दोनों कलाकारों के लिए गढ़वाली टोन सीखना आसान तो नहीं है, लेकिन टीम की ओर से फिल्म की शूटिंग पूरी होने तक एक गढ़वाली लड़के को हायर किया गया है, जोकि शाहिद और श्रद्धा को सिखा रहे है। 13 मार्च से फिल्म की शूटिंग देहरादून में शुरू होगी, जिसके लिए अभिनेत्री यामी गौतम सहित कई सितारे देहरादून पहुंचेंगे। फिल्म निर्देशक श्रीनारायण सिंह के निर्देशन में नौ फरवरी से नई टिहरी, बौराड़ी में ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी।
--
175 लोकल आर्टिस्ट फिल्म में कर रहे हैं अभिनय
फिल्म लोकल आर्टिस्ट को भी मौका दे रही है। अभी तक 175 लोकल कलाकार फिल्म में अभिनय कर रहे हैं। स्थानीय रजत राणा, राशिका ठाकुर, आशीष नेगी, विनीत नौटियाल, अंकिता, आदिति, ज्योति समेत कई स्थानीय युवा सह कलाकारों को मौका मिला है।
स्टूडेंट आफ द ईयर के अलावा एक और फिल्म की तैयारी
रायफल मैन जसवंत सिंह रावत, बत्ती गुल मीटर चालू और स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 के अलावा एक और एक बड़े बैनर की शूटिंग उत्तराखंड में जल्द होगी। यह जानकारी बॉलीवुड क्रिएटिव प्रोड्यूसर सुमित अदलखा ने दी। हालांकि उन्होंने अभी फिल्म के नाम या बैनर के बारे में नहीं बताया है, लेकिन उनका कहना है कि फिल्म में बॉलीवुड के बड़े स्टार नजर आएंगे।
हमने गढ़वाली लोगों के स्वभाव के बारे में सिर्फ सुना था, लेकिन शूटिंग के दौरान हमें वास्तविकता में देखने को भी मिला। हम बड़ी आसानी और बिना किसी परेशानी के शूटिंग कर पा रहे है। यहां के लोगों के साथ ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का हमें बहुत सहयोग मिल रहा है, जिसके लिए हमारी पूरी टीम शुक्रगुजार है।
सुमित अदलखा, बॉलीवुड क्रिएटिव प्रोड्यूसर