छात्रसंघ ने फूंका एचआरडीए का पुतला
-- पदाधिकारियों ने एचआरडीए पर अवैध निर्माण कार्यों को शह देने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
पीजी ऑटोनामस कॉलेज छात्रसंघ पदाधिकारियों ने तीर्थनगरी में अवैध निर्माण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए परशुराम चौक पर हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र में वाहन पार्किंग स्थल पर अवैध रूप से कांपलेक्स निर्माण कराने का आरोप लगाया है। शनिवार को राजकीय स्नातकोत्तर स्वायत्तशासी महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शिवम भारद्वाज की अगुवाई में छात्रों ने परशुराम चौक पर एचआरडीए के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि एचआरडीए की मिलीभगत से तीर्थनगरी में शहर से गंगातटों तक अवैध निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के अधिकारियों की मिलीभगत से कुंभमेला क्षेत्र की वाहन पार्किंग पर अवैध रूप से कांपलेक्स का निर्माण कर दिया गया है। आरोप लगाया कि इस बाबत विभागीय अफसरों को शिकायती पत्र भी सौंपे जा चुके हैं। छात्रसंघ महासचिव इमरान खान ने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति किए शहर में धड़ल्ले से अवैध निर्माण कार्य हो रहे हैं, मगर संबंधित लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने छात्रों को लामबंद कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारियों में सलीम खान, चेतन कपरुवान, अमन शर्मा, फैयाज खान, शुभम शर्मा आदि शामिल थे।